अबतक खबर, संवाददाता:: आज राज्यसभा में 18 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। 245 सदस्यों वाले इस सदन में बहुमत का आंकड़ा 123 होता है, जबकि भाजपा के इस समय 75 सदस्य हैं। आज होने वाले चुनाव में भाजपा को कम-से-कम 8 सीटें मिलने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो भाजपा के कुल 83 सदस्य हो जाएंगे।
गौरतलब है कि इस वर्ष राज्यसभा की 73 सीटों के लिए चुनाव प्रस्तावित थे, इनमें से 18 राज्यों से राज्यसभा की 55 सीटों के लिए बीती 26 मार्च को चुनाव होने थे, लेकिन मतदान से ठीक दो दिन पहले चुनाव आयोग ने कोरोना वायरस संक्रमण का हवाला देते हुए इसे टाल दिया था।
हालांकि राज्यसभा की 55 में से 37 सीटों का चुनाव निर्विरोध हो चुका है और राष्ट्रपति के मनोनयन कोटे की खाली हुई एक सीट भी सेवानिवृत्त प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई के मनोनयन से भरी जा चुकी है। इस बीच,बंगाल के 5 सीटों पर निर्विरोध सांसद चुन लिए गए हैं। इनमे तृणमूल के 4 और माकपा के 1 सांसद शामिल हैं। कर्नाटक की रिक्त हुई चार सीटों के लिए भी निर्विरोध सांसद चुन लिए गए हैं।
जिन 18 सीटों के लिए चुनाव कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन की वजह से बीते मार्च महीने में टाल दिए गए थे, उन सभी सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। जिन सीटों के लिए यह चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें गुजरात और आंध्र प्रदेश की 4-4, मध्य प्रदेश और राजस्थान की 3-3, झारखंड की 2 तथा मणिपुर और मेघालय की 1-1 सीटें हैं।
अगर इन चुनावों में क्रॉस वोटिंग नहीं हुई तो राज्यों में पार्टियों की ताकत के हिसाब से 18 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी को 8, कांग्रेस को 4, वाईएसआर कांग्रेस को 4, झारखंड मुक्ति मोर्चा को 1 सीट मिलना तय है।
मणिपुर की एक सीट भी भाजपा को मिलना तय थी लेकिन दो दिन पहले भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से 6 विधायकों के समर्थन वापस लेने से समीकरण बदल गए हैं और वहां न सिर्फ सरकार को लेकर बल्कि राज्यसभा की एक सीट के चुनाव को लेकर भी अनिश्चितता की स्थिति बन गई है।
इन चुनावों के बाद 11 सीटों के लिए इसी साल नवंबर में चुनाव होना है। इन 11 में अकेले उत्तर प्रदेश की 9 सीटें होंगी तथा उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश की 1-1 सीट पर चुनाव होगा।